धर्मशाला में मासिक अपराध समीक्षा बैठक: कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध नियंत्रण और पुलिस कल्याण पर जोर

धर्मशाला में मासिक अपराध समीक्षा बैठक: कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध नियंत्रण और पुलिस कल्याण पर जोर

कांगड़ा/ धर्मशाला 06 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पुलिस अधीक्षक कार्यालय, धर्मशाला में 06 जुलाई 2026 को जिला कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा एवं पुलिस कल्याण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी पुलिस उप-मंडलाधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। एनडीपीएस मामलों में वित्तीय जांच को मजबूत करने, साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने और फरार अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

इसके अतिरिक्त, अवैध खनन और नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखने पर भी विशेष बल दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने और आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।बैठक के उपरांत पुलिस कल्याण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। बेहतर कार्य वातावरण और कर्मचारियों के कल्याण के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही गई।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी कर्मियों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और पेशेवर दक्षता के साथ कार्य करते हुए जनता को बेहतर सेवाएं देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!