नूरपुर पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा बैठक, साइबर अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आधुनिकीकरण पर विशेष फोकस

कांगड़ा 06 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पुलिस जिला नूरपुर में आज पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा एवं कल्याण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सभी उप-मंडल पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस चौकी प्रभारी, मुख्य लिपिक, प्रभारी सुरक्षा तथा साइबर सेल प्रभारी सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही एनडीपीएस मामलों की वित्तीय जांच, PIT NDPS Act के अंतर्गत प्रस्तावों और अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई।साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए इस पर विशेष प्राथमिकता दी गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 के व्यापक प्रचार-प्रसार और आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर बल दिया गया।बैठक में पुलिस प्रणाली के आधुनिकीकरण पर भी चर्चा हुई, जिसमें डिजिटल प्लेटफॉर्म और पुलिस पोर्टलों के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए गए। आगामी अमरनाथ यात्रा और मानसून सीजन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और आपदा प्रबंधन के लिए पुलिस बल को अलर्ट रहने के निर्देश भी जारी किए गए।बैठक के उपरांत पुलिस कल्याण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस कर्मियों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।