जिले के लगभग सभी विद्यालयों में भूकंप सुरक्षा मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

चंबा, 7 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के सभी 15 शिक्षा खंडों के अंतर्गत आने वाले सरकारी एवं निजी विद्यालयों में मंगलवार को भूकंप सुरक्षा को लेकर “ड्रॉप, कवर एंड होल्ड” मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस व्यापक अभ्यास में जिले के 163 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, 96 उच्च विद्यालय, 224 माध्यमिक विद्यालय तथा 1,136 प्राथमिक विद्यालयों के हजारों विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना था।

अभ्यास के दौरान प्रतिभागियों को सिखाया गया कि भूकंप के समय घबराने के बजाय “ड्रॉप, कवर एंड होल्ड” तकनीक का सही तरीके से उपयोग कर स्वयं को सुरक्षित कैसे रखा जाए।ड्रिल से पूर्व आयोजित प्री-ड्रिल सत्रों में विद्यालय परिसरों में सुरक्षित स्थानों की पहचान, आपातकालीन निकासी मार्गों का चयन तथा आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद वास्तविक अभ्यास के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन और संयम के साथ निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने का प्रदर्शन किया।विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल न केवल विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाती है, बल्कि उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने और घबराहट से बचने की क्षमता भी प्रदान करती है।जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस सामूहिक अभ्यास का उद्देश्य सभी विद्यालयों को भूकंप जैसी संभावित आपदाओं के लिए तैयार करना और सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाना है।

अधिकारियों ने भविष्य में भी इस तरह के नियमित अभ्यास जारी रखने की बात कही, ताकि विद्यार्थी और शिक्षक हर परिस्थिति में सतर्क और सक्षम बने रहें।