रसोईघर में गैस सिलेंडर फटने से युवक झुलसा, गांव में मची अफरा-तफरी

चम्बा 08 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपमण्डल चम्बा साच पंचायत के नगोड़ी गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक घर के रसोईघर में गैस सिलेंडर फटने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक की पहचान अरुण कुमार के रूप में हुई है, जिसे तुरंत उपचार के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब अरुण कुमार अपने रसोईघर में खाना बना रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली और कुछ ही पलों में तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट के बाद आग ने पूरे रसोईघर को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के प्रयास में अरुण कुमार की बाजू बुरी तरह झुलस गई।धमाके की आवाज और उठती आग की लपटों को देखकर पूरे नगोड़ी गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग के कारण रसोईघर में रखा सारा घरेलू सामान और लकड़ियां जलकर राख हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग घर के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक ली गई।घटना की जानकारी मिलते ही साच ग्राम पंचायत की प्रधान दीपिका भारद्वाज भी मौके पर पहुंचीं और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अग्निशमन विभाग को भी सूचना दे दी गई है। प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता देने की मांग की जा रही है।