खजियार दिवस-2026 उत्साह से मनाया गया, ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के 34 वर्ष पूरे

डलहौजी/ चम्बा 07 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजियार को ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ का दर्जा मिलने के 34 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को खजियार दिवस-2026 उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। “स्वच्छ, हरित एवं सतत खजियार” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासन, पर्यटन विभाग, होटल व्यवसायियों, टैक्सी यूनियनों, पैराग्लाइडिंग ऑपरेटरों और स्थानीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।कार्यक्रम के दौरान खजियार को विश्वस्तरीय और पर्यटक-अनुकूल बनाने के लिए एक व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सामुदायिक एवं जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया जाएगा। इसके अलावा पीक सीजन के दौरान ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने हेतु नए पार्किंग स्थलों की पहचान की जाएगी।स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए कूड़ा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही पैराग्लाइडिंग सहित अन्य एडवेंचर गतिविधियों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही गई।

स्थानीय युवाओं के लिए पर्यटन आधारित रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा देवदार के घने जंगलों और ऐतिहासिक झील के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने का भी संकल्प लिया गया।इस अवसर पर जिला पर्यटन अधिकारी राजीव मिश्रा ने कहा कि खजियार को इको-टूरिज्म और सस्टेनेबल टूरिज्म का आदर्श मॉडल बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।उल्लेखनीय है कि 7 जुलाई 1992 को स्विट्जरलैंड सरकार के तत्कालीन महानिदेशक वाल्टर ल्यू ने खजियार की प्राकृतिक सुंदरता से प्रभावित होकर इसे आधिकारिक रूप से ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ का दर्जा प्रदान किया था। आज भी यहां स्थापित स्विस हाइकिंग साइनपोस्ट स्विट्जरलैंड की राजधानी बर्न से 6,194 किलोमीटर की दूरी दर्शाता है।