ढुंडियारा में एसटीएफ (नार्थ) की बड़ी कार्रवाई, 6.32 ग्राम चिट्टा सहित दो आरोपी गिरफ्तार

चंबा, 08 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
भरमौर पठानकोटराष्ट्रीय उच्च महामार्ग न 154 एपर स्थितगांव ढुंडियारा में एसटीएफ कांगड़ा नॉर्थ रेंज द्वारा नशे के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य आरक्षी दर्पण कुमार के नेतृत्व में एसटीएफ पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर डुंडियारा स्थित रेन शेल्टर के पास विशेष नाका लगाकर तलाशी अभियान चलाया हुआ था जहां शक के आधार पर आने जाने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही थी इसी दौरान पैदल गुजर रहे दो युवकों को रोका और उनकी गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 6.32 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय आकाश कुमार उर्फ अभि पुत्र धर्मपाल, निवासी वार्ड नंबर 4, वीपीओ बनीखेत, तहसील डलहौजी, जिला चंबा, तथा 31 वर्षीय सौरव उर्फ सबा पुत्र रमेश कुमार, निवासी वीपीओ बनीखेत, तहसील डलहौजी, जिला चंबा, के रूप में हुई है।

बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।इस संबंध में पुलिस थाना डलहौजी में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नॉर्दर्न रेंज कांगड़ा रेनू शर्मा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लाए थे, इसे कहां सप्लाई किया जाना था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।जिला पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को इस बुराई से सुरक्षित रखा जा सके।