भदरोआ में 274 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार,अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा

कांगड़ा/नूरपुर 08 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए स्टाफ टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नियमित गश्त के दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए भदरोआ क्षेत्र में भारी मात्रा में चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआईए स्टाफ की टीम क्षेत्र में गश्त और नशा तस्करी की रोकथाम के लिए मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि अमृतसर (पंजाब) से एक स्विफ्ट कार (PB06U-7122) में सवार तीन व्यक्ति चिट्टा लेकर भदरोआ, कंडवाल और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत भदरोआ स्थित वन विभाग विश्राम गृह के पास नाकाबंदी की।संदिग्ध वाहन के पहुंचते ही पुलिस ने उसे रोककर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान पीछे बैठे आरोपी के पास मौजूद काले रंग के स्लिंग बैग से 274 ग्राम (कमर्शियल मात्रा) चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ और वाहन को कब्जे में ले लिया।इस संबंध में थाना डमटाल में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुनाल अरोड़ा (31) निवासी अमृतसर, हैरी (26) निवासी बटाला जिला गुरदासपुर तथा मोहित कुमार (37) निवासी अमृतसर के रूप में हुई है।मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक नूरपुर इलमा अफरोज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।