“चिट्टा को कहें ना, जीवन को चुनें” संदेश के साथ एंटी चिट्टा फुटबॉल टूर्नामेंट जारी

“चिट्टा को कहें ना, जीवन को चुनें” संदेश के साथ एंटी चिट्टा फुटबॉल टूर्नामेंट जारी

मंडी, 08 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला प्रशासन मंडी द्वारा नशामुक्ति अभियान के तहत आयोजित एंटी चिट्टा अवेयरनेस फुटबॉल टूर्नामेंट में बुधवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टा जैसी घातक प्रवृत्ति से दूर रखते हुए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। उन्हें अपने परिवार, मित्रों और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा “चिट्टा मुक्त मंडी” बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया गया।दिन का मुख्य मुकाबला एसटीसी पड्डल और एसपी-7 टीम के बीच खेला गया।

इस अवसर पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन स्वयं एसटीसी पड्डल टीम की ओर से मैदान में उतरे, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए टीम वर्क, अनुशासन और खेल भावना का संदेश दिया।उपायुक्त ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखते हैं। उन्होंने “चिट्टा को कहें ना, जीवन को चुनें” को एक जनआंदोलन बताते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।प्रतियोगिता के अन्य मुकाबलों में वेंगा बॉयज ने बॉयज स्कूल मंडी को 2-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल में नेपाली एफसी ने केवी मंडी को 4-0 से पराजित किया, जबकि मैजिशियंस एफसी ने ट्रायम्फ एफसी को पेनल्टी शूटआउट में 2-0 से हराया।

वहीं सुंदरनगर टीम ने वेंगा बॉयज को 2-0 से मात दी।इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!