उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित शिमला दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियों की व्यापक समीक्षा

शिमला, 08 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के 10 जुलाई को प्रस्तावित शिमला दौरे के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में उपराष्ट्रपति के दौरे को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।हेलीकॉप्टर लैंडिंग स्थल को लेकर विशेष चर्चा करते हुए सुरक्षित अवतरण, हेलीपैड की सुरक्षा, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और संचार व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

साथ ही संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।स्वास्थ्य विभाग को दौरे के दौरान पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिसमें चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, एम्बुलेंस और जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना शामिल है। वहीं अग्निशमन विभाग को भी हेलीपैड और कार्यक्रम स्थलों पर आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा गया।बैठक में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, वीवीआईपी मूवमेंट, रूट प्लान, पार्किंग, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, सड़कों की मरम्मत और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। बैठक में प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
