मानव तस्करी रोकथाम व बाल सुरक्षा को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित

चम्बा, 09 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) द्वारा मानव तस्करी की रोकथाम, बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा तथा सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।उपायुक्त ने कहा कि मानव तस्करी और बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के लिए सभी विभागों के बीच समन्वित प्रयास और त्वरित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि गुमशुदा बच्चों एवं महिलाओं के प्रत्येक मामले में बिना देरी प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर खोज, बचाव और जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई करने पर बल दिया।बैठक में बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत बनाने, विभागीय भूमिकाओं एवं उत्तरदायित्वों, आपसी समन्वय, डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों के उपयोग तथा पीड़ितों के पुनर्वास और परिवार से पुनर्मिलन की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

उपायुक्त ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को निर्देश दिए कि अस्पताल में जन्म लेने वाले प्रत्येक नवजात शिशु का आधार नामांकन सुनिश्चित किया जाए और अभिभावकों को इसके लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने नजदीकी केंद्रों पर जाकर आधार कार्ड बनवाएं।इसके अलावा मिशन वात्सल्य एवं सीसीटीएनएस से जुड़े एकीकृत डिजिटल पोर्टल की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि बाल संरक्षण एवं मानव तस्करी निरोधक तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार कर उसका समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।बैठक में डीएसपी बलदेव दत्त, कार्यक्रम अधिकारी कमल किशोर शर्मा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी राजेश रॉय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।