31 जुलाई तक करें जेएनवी चयन परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण, 28 नवंबर को होगी परीक्षा

चंबा, 09 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) चयन परीक्षा-2027 के तहत छठी कक्षा में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जिले में अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उपलब्ध सभी माध्यमों के जरिए इस प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी इस अवसर से वंचित न रहे।उपायुक्त ने विशेष रूप से बालिकाओं के पंजीकरण में वृद्धि पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए प्रभावी और लक्षित प्रयास किए जाएं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे बच्चों का ऑनलाइन पंजीकरण अंतिम तिथि से पहले अवश्य करवाएं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिले की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों तक जानकारी पहुंचाने के लिए सभी हितधारकों का समन्वित प्रयास जरूरी है।जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है, जबकि चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर, 2026 को प्रस्तावित है। इच्छुक अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट www.navodaya.gov.in तथा https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।उल्लेखनीय है कि चंबा जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय ग्राम पंचायत सरोल में संचालित है, जो देश की प्रतिष्ठित आवासीय शिक्षण संस्थाओं में से एक है। यहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। इस विद्यालय से शिक्षा प्राप्त छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।ऑनलाइन पंजीकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।