कटोरी बंगला में बड़ा हादसा,चलती कार पर गिरा पेड़, परिवार बाल-बाल बचा

डलहौजी/चम्बा, 10 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी के कटोरी बंगला क्षेत्र में आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक चलती कार पर अचानक पेड़ आ गिरा । इस घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर HR 15F 1949 की एक सफेद हुंडई एसयुवी (Hyundai SUV) में एक परिवार जो डलहौजी घूमने आया हुआ था। सुबह करीब 10 बजे जब उनकी गाड़ी कटेरी बंगला के पास से गुजर रही थी, तभी सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ अचानक गिर पड़ा और सीधे कार के ऊपर आ गिरा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन को रोकने की कोशिश की, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि पेड़ गिरने से कार की छत, बोनट और आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।घटना के बाद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला।

गनीमत रही कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। कार में छोटे बच्चे भी मौजूद थे, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं।यह घटना एक बार फिर मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के खतरों की ओर इशारा करती है। लगातार बारिश के कारण पेड़ों की जड़ें कमजोर हो जाती हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं बढ़ जाती हैं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे खड़े पुराने और कमजोर पेड़ों की समय-समय पर जांच और कटाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।प्रशासन ने भी पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान पहाड़ी सड़कों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें और किसी भी संभावित खतरे की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।