डलहौजी में 30 अगस्त को होगा अंबेडकर जीवन आधारित प्रतियोगिता का आयोजन, विजेताओं को 2027 में किया जाएगा सम्मानित

चम्बा/डलहौजी 10 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
प्रबुद्ध भारत फाउंडेशन (पंजाब) द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, विचारों और संविधानिक योगदान पर आधारित 17वीं पुस्तक प्रतियोगिता का आयोजन इस वर्ष भी बड़े स्तर पर किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 30 अगस्त 2026 (रविवार) को आयोजित होगी, जिसमें जिला चम्बा के छह विभिन्न केंद्रों को शामिल किया गया है। डलहौजी को भी इस बार एक प्रमुख परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।प्रतियोगिता को तीन वर्गों में विभाजित किया गया है। पहला वर्ग कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए है, जिसमें प्रथम पुरस्कार ₹25,000, द्वितीय ₹15,000 और तृतीय ₹10,000 निर्धारित किया गया है। दूसरा वर्ग 9वीं से 12वीं तक तथा 8वीं पास विद्यार्थियों के लिए है, जिसमें प्रथम पुरस्कार ₹50,000, द्वितीय ₹20,000 और तृतीय ₹10,000 रखा गया है। तीसरा वर्ग 12वीं पास से 40 वर्ष तक की आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए है, जिसमें भी प्रथम ₹50,000, द्वितीय ₹20,000 और तृतीय ₹10,000 का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त, संयुक्त मेरिट सूची में शीर्ष 85 प्रतिभागियों को ₹1000-₹1000 का नकद प्रोत्साहन भी दिया जाएगा।डलहौजी क्षेत्र में पंजीकरण के लिए अभ्यर्थी डलहौजी कैंट में अरुण अटवाल, डलहौजी शहर में अजय नाहर तथा बकलोह में विक्की से संपर्क कर सकते हैं। प्रतियोगिता के लिए निर्धारित पुस्तकों से ही प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनकी कीमत ₹50 प्रति पुस्तक निर्धारित की गई है।आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 14 अप्रैल 2027 को चम्बा में आयोजित डॉ. अंबेडकर जयंती के भव्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति अश्वनी साहिल से संपर्क कर सकते हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।