डमटाल में 2.50 करोड़ से बनेगा भव्य नेचर पार्क, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

डमटाल में 2.50 करोड़ से बनेगा भव्य नेचर पार्क, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

कांगड़ा/इंदौरा, 14 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के डमटाल में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने ठाकुर राम गोपाल मंदिर की भूमि पर प्रस्तावित भव्य नेचर पार्क का शिलान्यास कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया और निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।विधायक मलेंद्र राजन ने बताया कि लगभग 2.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह नेचर पार्क आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा।

पार्क में एक आकर्षक कैफेटेरिया का निर्माण किया जाएगा, जहां पर्यटक विश्राम के साथ-साथ स्थानीय व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा, स्वयं सहायता समूहों के लिए विशेष आउटलेट स्थापित किए जाएंगे, जिससे वे अपने उत्पादों का विपणन कर सकेंगे और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इस पहल से क्षेत्र में रोजगार के नए द्वार खुलने की उम्मीद है।उन्होंने कहा कि इस नेचर पार्क को क्षेत्र का प्रमुख पर्यटन आकर्षण बनाया जाएगा। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इस स्थल की ओर आकर्षित करने की योजना है, जिससे इंदौरा क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिल सकेगी।

मलेंद्र राजन ने अपने संबोधन में बताया कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र को एक मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए व्यापक स्तर पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का उन्नयन कार्य प्रगति पर है, जबकि बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 85 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं, जल शक्ति विभाग के माध्यम से लगभग 75 करोड़ रुपये के विकास कार्य भी संचालित किए जा रहे हैं।इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!