अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के लिए शिमला में दिया गया औपचारिक निमंत्रण

शिमला 15 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
शिमला में आयोजित एक महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान नीरज नैयर तथा मुकेश रेपसवाल ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया एवं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण प्रदान किया।इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मिंजर मेले के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व पर विस्तार से चर्चा की और इसे प्रदेश की समृद्ध लोक परंपराओं का प्रतीक बताया।

उन्होंने बताया कि यह मेला न केवल चंबा जिले की पहचान है, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र भी है।मुख्यमंत्री एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं ने इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए मेले में भाग लेने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलता है और पर्यटन को भी नई दिशा मिलती है।

गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला हर वर्ष चंबा में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारंपरिक झांकियों और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी मेले को भव्य रूप देने की तैयारियां जोरों पर हैं।
