भंजराड़ू उत्सव में स्किट को लेकर विवाद, कार्रवाई की मांग तेज

चम्बा, 15 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
च
चुराह उपमंडल के भंजराड़ू उत्सव में मंचित एक नाटक को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अम्बेडकर मिशन सोसाइटी चम्बा और अम्बेडकर यूथ क्लब ने राजकीय केंद्रीय विद्यालय के छात्रों द्वारा प्रस्तुत कथित आपत्तिजनक स्किट पर कड़ा रोष जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में दोनों संगठनों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त चम्बा को ज्ञापन सौंपने के साथ-साथ थाना प्रभारी सदर चम्बा को भी लिखित शिकायत दी है।सोसाइटी के अध्यक्ष योगेश्वर अहीर ने बताया कि हाल ही में आयोजित भंजराड़ू मेले के दौरान राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला तीसा के विद्यार्थियों ने एक नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें संवैधानिक आरक्षण नीति को लेकर आपत्तिजनक संवादों का प्रयोग किया गया। उनका आरोप है कि इस प्रस्तुति में आरक्षण व्यवस्था का मजाक उड़ाया गया, जिससे समाज के कमजोर वर्गों की भावनाएं आहत हुई हैं।उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रस्तुति न केवल सामाजिक समरसता को प्रभावित करती है, बल्कि संविधान के मूल्यों के प्रति भी असम्मान दर्शाती है।

विशेष रूप से अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग से जुड़े छात्रों और अभिभावकों में इस घटना को लेकर गहरी नाराजगी देखी जा रही है।अम्बेडकर मिशन सोसाइटी ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की जाए और स्क्रिप्ट तैयार करने, चयन करने तथा मंच पर प्रस्तुति की अनुमति देने वाले जिम्मेदार शिक्षकों व आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में इस तरह की विवादित और भेदभावपूर्ण प्रस्तुतियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की भी मांग उठाई गई है।सोसाइटी के प्रवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र उचित कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन आगामी रणनीति तय कर आंदोलन करने को बाध्य होगा।