हमीरपुर में मुख्यमंत्री सुक्खू की बड़ी घोषणाएं, विकास परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार

हमीरपुर में मुख्यमंत्री सुक्खू की बड़ी घोषणाएं, विकास परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार

हमीरपुर, 15 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज अपने गृह जिला हमीरपुर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी भूमि पर वर्षों से बसे गरीब और भूमिहीन परिवारों के मकानों को नियमित करने के लिए सरकार नई नीति बनाने पर विचार कर रही है।

इससे हजारों परिवारों को स्थायित्व और राहत मिलने की उम्मीद है।स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए हमीरपुर मेडिकल कॉलेज परियोजना का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कॉलेज को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में स्वीकृति मिली थी और वर्तमान सरकार इस पर लगभग 500 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। इसे अगस्त 2026 तक जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।नगर निगम हमीरपुर में हाल ही में शामिल किए गए नए क्षेत्रों के निवासियों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने पांच वर्षों तक करों में छूट देने की घोषणा की। इसके अलावा, हमीरपुर में करीब 130 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का सबसे बड़ा आधुनिक बस अड्डा बनाया जा रहा है।

वर्तमान बस अड्डे की जगह लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सिटी सेंटर विकसित किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दशहरा उत्सव और अन्य सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थल विकसित किया जाएगा। साथ ही, शहर में रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने का आश्वासन भी दिया गया।इन घोषणाओं से हमीरपुर में आधारभूत ढांचे के विकास और आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार की नई उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!