चंबा-जम्मुहार रूट पर बस सेवा बाधित, यात्रियों का फूटा गुस्सा, डेढ़ घंटे रहा चक्काजाम

चंबा, 16 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा-जम्मुहार रूट पर निर्धारित समय पर बस सेवा उपलब्ध न होने से यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। बीते दिन चंबा बस अड्डे पर बड़ी संख्या में यात्रियों ने हंगामा करते हुए करीब डेढ़ घंटे तक चक्काजाम किया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।जानकारी के अनुसार, चंबा-जम्मुहार रूट की बस अपने तय समय पर नहीं पहुंची, जिसके चलते यात्री लंबे समय तक बस अड्डे पर इंतजार करते रहे। यात्रियों का आरोप है कि वे काफी देर से बस का इंतजार कर रहे थे, लेकिन बाद में अचानक यह सूचना दी गई कि बस तकनीकी खराबी के कारण रूट पर नहीं जा सकेगी। इस सूचना से यात्रियों में भारी नाराजगी फैल गई।गुस्साए यात्रियों ने बस अड्डे के बाहर सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया।

इस दौरान यात्रियों ने परिवहन निगम के खिलाफ नारेबाजी भी की और नियमित बस सेवा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। यात्रियों का कहना था कि इस रूट पर पहले भी बस सेवाओं में अनियमितता की शिकायतें आती रही हैं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों से बातचीत कर उन्हें समझाया और उनकी समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। काफी समझाने के बाद यात्रियों ने चक्काजाम समाप्त किया और यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी।वहीं, परिवहन निगम प्रबंधन ने बताया कि संबंधित बस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते बस को रूट पर नहीं भेजा जा सका।

उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो।इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण रूटों पर बस सेवाओं की नियमितता और प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।