चंबा में ‘माई भारत’ का 5 दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न, युवाओं को मिला पीडीएस का व्यावहारिक ज्ञान

चंबा में ‘माई भारत’ का 5 दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न, युवाओं को मिला पीडीएस का व्यावहारिक ज्ञान

चंबा, 23 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

‘माई भारत चंबा’ द्वारा जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति कार्यालय, चंबा के सहयोग से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) विषय पर आयोजित 5 दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह कार्यक्रम 18 से 23 जुलाई 2026 तक आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को पीडीएस की कार्यप्रणाली और सरकारी कार्यालयों के संचालन का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था।इस संबंध में जानकारी देते हुए नेहरू युवा केंद्र चंबा के जिला युवा अधिकारी राहुल गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम में जिला चंबा के पांच चयनित प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति कार्यालय के विभिन्न अनुभागों में कार्य करने का अवसर मिला, जहां उन्होंने कार्यालयीन प्रक्रिया, अभिलेख संधारण, जनसंपर्क प्रणाली तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को नजदीक से समझा।कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों ने खाद्यान्न भंडारण गोदामों का भ्रमण भी किया, जहां उन्हें खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण, रखरखाव तथा वितरण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों ने उचित मूल्य की दुकानों (राशन डिपो) का दौरा कर लाभार्थियों को खाद्य सामग्री वितरण की वास्तविक प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें आपूर्ति श्रृंखला की पारदर्शिता, निगरानी व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें सरकारी तंत्र, योजनाओं और सार्वजनिक सेवा वितरण प्रणाली को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिला।माई भारत चंबा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। राहुल गर्ग ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में प्रशासनिक समझ, सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!