साचपास मार्ग पर चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, खाई में गिरने से बचा ट्रक

चुराह 23 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चुराह उपमंडल के दुर्गम बैरागढ़–साचपास–किलाड़ मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकल गया। यह घटना बगोटू के समीप एक खतरनाक मोड़ पर हुई, जहां सड़क संकरी होने के साथ-साथ गहरी खाई का खतरा भी बना रहता है। जानकारी के अनुसार, तीसा से किलाड़ की ओर जा रहा ट्रक अचानक संतुलन खो बैठा और उसका अगला हिस्सा सड़क से बाहर निकलकर लगभग 800 मीटर गहरी खाई की ओर लटक गया।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति बेहद गंभीर थी और जरा सी चूक बड़ा हादसा बन सकती थी। हालांकि, चालक ने घबराने के बजाय धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत वाहन पर नियंत्रण करने का प्रयास किया। उसकी सतर्कता के चलते ट्रक पूरी तरह खाई में गिरने से बच गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन को भी सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर जेसीबी मशीन मंगवाई गई, जिसकी मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक को सुरक्षित सड़क पर वापस लाया गया। इस दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।गनीमत रही कि इस घटना में चालक को कोई चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने चालक की बहादुरी और सूझबूझ की सराहना की है। वहीं, क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।