भारी बारिश के चलते NH-154A पर रात के समय यातायात प्रतिबंधित, प्रशासन का आदेश जारी

भारी बारिश के चलते NH-154A पर रात के समय यातायात प्रतिबंधित, प्रशासन का आदेश जारी

चंबा, 23 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-154A पर डुर्गेठी के समीप रात्रि के समय यातायात पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश उपमंडल दंडाधिकारी भरमौर द्वारा जारी किया गया है, जो आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में लगातार वर्षा के कारण भूस्खलन, पहाड़ी से पत्थर गिरने और सड़क की खराब स्थिति जैसी घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) तथा स्थानीय अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया है कि रात के समय बिना सतत निगरानी के इस मार्ग पर यात्रा करना जोखिम भरा हो सकता है।जारी आदेश के अनुसार 23 जुलाई 2026 की रात 08:00 बजे से 24 जुलाई 2026 की सुबह 07:00 बजे तक NH-154A पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस आदि को इस प्रतिबंध से छूट प्रदान की गई है, ताकि जरूरतमंदों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान यात्रा से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्कता बरतने की भी सलाह दी गई है।यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और निर्धारित समय तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन द्वारा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी इसी प्रकार के कदम उठाए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!