अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026, जिला स्तरीय कौड़ी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026, जिला स्तरीय कौड़ी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

चम्बा 29 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय कौड़ी प्रतियोगिता का शुभारंभ आज शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कौड़ी केवल एक खेल नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने इस पारंपरिक खेल को संरक्षित करने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश की पहचान उसकी सांस्कृतिक धरोहर और लोक परंपराओं से है, जिन्हें जीवित रखना समय की मांग है।

उन्होंने बताया कि चम्बा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के पारंपरिक खेल अलग-अलग स्वरूपों में खेले जाते रहे हैं और सरकार इनके संरक्षण व संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कौड़ी खेल एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए अध्यक्ष डॉ. संजीव सूरी और उनकी टीम को बधाई दी।

उन्होंने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में चम्बा जिले की 128 टीमें और 700 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह पहली बार है जब इतनी बड़ी स्तर पर कौड़ी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने अपनी ऐच्छिक निधि से 52 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।

विधायक नीरज नैय्यर ने कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखते हैं और उनमें अनुशासन व टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने भी एसोसिएशन को 11 हजार रुपए देने की घोषणा की।

उल्लेखनीय है कि कौड़ी चम्बा का लोकप्रिय पारंपरिक खेल है, जिसमें 8 से 60 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। यह खेल चार-चार खिलाड़ियों की दो टीमों के बीच खेला जाता है और इसे स्थानीय भाषा में “दाँ” कहा जाता है।

कार्यक्रम में उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी सहित कई गणमान्य व्यक्ति और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!