रिकॉर्ड में लापरवाही पर हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग सख्त, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

शिमला 29 जुलाई चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस(ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आज बचत भवन, शिमला में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए आयोग ने रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया।अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान ने कहा कि कई विभागों द्वारा रिकॉर्ड सही ढंग से नहीं रखा जा रहा है, जिससे कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर पारदर्शी और सटीक रिकॉर्ड बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की “मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना निराश्रित बच्चों के सपनों को साकार कर रही है।

आयोग सदस्य दिग्विजय मल्होत्रा ने एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामलों की निष्पक्ष जांच पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस द्वारा जल्दबाजी में कैंसिलेशन रिपोर्ट तैयार करना उचित नहीं है। वहीं, सदस्य डॉ. विजय डोगरा ने विजिलेंस कमेटी की नियमित बैठकें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए जारी 25.43 करोड़ रुपये के बजट में से 92 प्रतिशत राशि व्यय किए जाने की जानकारी दी गई। आयोग ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई, क्योंकि वे संबंधित योजनाओं का विवरण प्रस्तुत नहीं कर पाए।बैठक में अम्बेडकर भवनों के रखरखाव, अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना और स्वर्ण जयंती आश्रय योजना की भी समीक्षा की गई।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि जिला में योजनाओं की निगरानी नियमित रूप से की जा रही है।बैठक में कई विभागाध्यक्षों की अनुपस्थिति पर आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। बैठक के आरंभ में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।