नाले में गिरकर बही युवती का शव सियूल नदी से बरामद, क्षेत्र में शोक की लहर

नाले में गिरकर बही युवती का शव सियूल नदी से बरामद, क्षेत्र में शोक की लहर

सलूणी/चम्बा 31 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

सलूणी उपमंडल के अंतर्गत संघणी पंचायत के प्रेढ़ गांव की एक युवती का शव आज सुबह सियूल नदी से बरामद होने से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान शबनम पुत्री गुलाम नबी के रूप में हुई है, जो बीते गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई थी।प्राप्त जानकारी के अनुसार शबनम गुरुवार देर शाम जंगल से अपनी भेड़-बकरियां चराकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे वह पास के नाले में जा गिरी। नाले में पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण वह बह गई और देखते ही देखते लापता हो गई। घटना का पता चलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रातभर संयुक्त रूप से तलाश अभियान चलाया।

अंधेरा और तेज बहाव के कारण देर रात तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। हालांकि, शुक्रवार सुबह जलाड़ी के समीप सियूल नदी में युवती का शव बरामद कर लिया गया।शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। भांदल पंचायत के प्रधान सुरेश कुमार ने भी शव बरामद होने की पुष्टि की है।इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे जोखिम भरे मार्गों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!