ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल, भारतीय खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने दी बधाई

ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल, भारतीय खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने दी बधाई

शिमला 31 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर दिलीप महादु गावित ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वहीं, इसी स्पर्धा में मोहम्मद बेसिल मोरसिंगनाकाठी ने रजत पदक हासिल कर भारत के खाते में एक और उपलब्धि जोड़ी है।इसके अलावा, पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में मुरली श्रीशंकर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इन उपलब्धियों पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण और अदम्य इच्छाशक्ति के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस तरह की उपलब्धियां देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करती हैं।उन्होंने आगे कहा कि यह जीत केवल खिलाड़ियों की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम वैश्विक मंच पर रोशन करते रहेंगे।मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने आशा जताई कि देश के खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह बेहतरीन प्रदर्शन कर नई ऊंचाइयों को छूएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!