भरमौर के दुनाली बस अड्डे पर बड़ा हादसा टला, निजी बस खिसककर हवा में लटकी

भरमौर के दुनाली बस अड्डे पर बड़ा हादसा टला, निजी बस खिसककर हवा में लटकी

 

*दुनाली बस अड्डे पर बड़ा हादसा टला, निजी बस खिसककर हवा में लटकी 

भरमौर/चम्बा 02 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

जनजातीय क्षेत्र भरमौर के दुनाली बस स्टेशन पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक निजी ठाकुर बस अचानक अपने आप खिसककर सड़क के किनारे हवा में लटक गई। गनीमत रही कि उस समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था, अन्यथा एक गंभीर दुर्घटना सामने आ सकती थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह बस रातभर बस अड्डे पर खड़ी रही। सुबह के समय चालक ने बस को स्टार्ट किया और किसी कार्यवश नीचे उतर गया। इसी दौरान अचानक बस अपने स्थान से खिसकने लगी और धीरे-धीरे सड़क के किनारे पहुंचकर एक ओर लटक गई। बस का अगला हिस्सा हवा में झूलता रहा, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि बस को समय रहते सुरक्षित कर लिया गया, जिससे किसी भी प्रकार का बड़ा नुकसान होने से बचाव हो गया। हालांकि यह घटना लापरवाही की ओर इशारा करती है, जिस पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

 जानकारो का कहना है कि बसों को खड़ा करते समय उचित सुरक्षा उपाय, जैसे हैंड ब्रेक और व्हील स्टॉपर का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रशासन से भी मांग की जा रही है कि बस अड्डों पर सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू किया जाए।

फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन यह हादसा एक बड़ी चेतावनी के रूप में सामने आया है कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम ला सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!