पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में सेना अधिकारियों ने किया विद्यार्थियों का मार्गदर्शन

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में सेना अधिकारियों ने किया विद्यार्थियों का मार्गदर्शन

डलहौजी/ चम्बा, 06 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय सेना से मेजर धीरज, कैप्टन प्रतीक यादव एवं नायब सूबेदार जॉनी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।सत्र के दौरान मेजर धीरज ने विशेष रूप से मेडिकल स्ट्रीम के विद्यार्थियों को भारतीय सेना की चिकित्सा सेवाओं में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल सर्विसेज (AFMS) सहित सेना की चिकित्सा शाखाओं में प्रवेश की पात्रता, चयन प्रक्रिया तथा आवश्यक योग्यता पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि समर्पण, अनुशासन और सेवा-भाव के साथ विद्यार्थी सेना में उत्कृष्ट भविष्य बना सकते हैं।कैप्टन प्रतीक यादव ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) में प्रवेश की प्रक्रिया, लिखित परीक्षा और एसएसबी साक्षात्कार की तैयारी के बारे में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सफलता के लिए निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल एवं व्यावहारिक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।नायब सूबेदार जॉनी ने माउंट एवरेस्ट एवं कंचनजंगा अभियान से जुड़े अपने रोमांचक अनुभव साझा कर विद्यार्थियों को प्रेरित किया।

उनका संबोधन साहस, धैर्य और दृढ़ संकल्प का जीवंत उदाहरण रहा।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सेना में करियर, एनडीए, चिकित्सा सेवाओं तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित कई प्रश्न पूछे। कार्यक्रम का समापन विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती करमजीत कौर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे सत्र विद्यार्थियों को सही दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करते हैं तथा उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!