मणिमहेश यात्रा-2026, होली–गौरीकुंड हेली टैक्सी सेवा के लिए दो ऑपरेटर चयनित, किराया ₹6,255 तय

मणिमहेश यात्रा-2026, होली–गौरीकुंड हेली टैक्सी सेवा के लिए दो ऑपरेटर चयनित, किराया ₹6,255 तय

चंबा 07 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर, तेज और सुगम हवाई परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। होली–गौरीकुंड हेली टैक्सी सेवा के संचालन के लिए आयोजित निविदा प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है, जिसके तहत दो हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों का चयन किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस सेक्टर के लिए कुल दो कंपनियों ने निविदा प्रक्रिया में भाग लिया। प्रशासन द्वारा किए गए तकनीकी मूल्यांकन में दोनों ही कंपनियां निर्धारित पात्रता मानदंडों पर खरी उतरीं। इसके उपरांत उनकी वित्तीय बोलियां खोली गईं, जिनके आधार पर चयन प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया।वित्तीय मूल्यांकन के दौरान एम/एस चिप्सन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड ने ₹6,255 प्रति यात्री (अतिरिक्त लागू शुल्क अलग से देय) की सबसे कम (एल-1) बोली प्रस्तुत की। इसके आधार पर कंपनी को होली–गौरीकुंड हेली टैक्सी सेवा के संचालन का कार्य आवंटित किया गया है।

वहीं, एल-2 बोलीदाता एम/एस थम्बी एविएशन भी समान किराए और नियमों के तहत इस सेक्टर में अपनी सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इससे न केवल प्रतिस्पर्धा बनी रहेगी, बल्कि श्रद्धालुओं को अधिक विकल्प मिलने के साथ हवाई परिवहन व्यवस्था भी अधिक सुचारु और व्यवस्थित हो सकेगी।प्रशासन का मानना है कि हेली टैक्सी सेवा के सुचारु संचालन से विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग और दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही, इससे यात्रा की समग्र व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।मणिमहेश यात्रा हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है, ऐसे में इस प्रकार की सुविधाएं यात्रा प्रबंधन को आधुनिक और सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!