“ड्राइवर के बेटे का मुख्यमंत्री बनना कुछ नेताओं को नहीं पच रहा”

“ड्राइवर के बेटे का मुख्यमंत्री बनना कुछ नेताओं को नहीं पच रहा”

सीएम पर टिप्पणी को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष का भाजपा विधायक पर पलटवार

चम्बा 07 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू पर की गई टिप्पणी को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा के अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने भाजपा विधायक सुधीर शर्मा पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि एक साधारण परिवार और ड्राइवर के बेटे का संघर्ष के बल पर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनना परिवारवादी राजनीति करने वाले नेताओं को रास नहीं आ रहा है।भरमौरी ने कहा कि यह वही मानसिकता है जो लोकतंत्र में आम आदमी के उभार को स्वीकार नहीं कर पाती। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की कोशिशें की गईं और अब व्यक्तिगत स्तर पर टिप्पणियां कर राजनीतिक माहौल को खराब किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देवभूमि हिमाचल की जागरूक और प्रबुद्ध जनता ऐसी हल्की राजनीति को कतई स्वीकार नहीं करेगी और समय आने पर इसका लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के हालिया चम्बा दौरे को ऐतिहासिक और सफल करार देते हुए कहा कि इस दौरान जिले को सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। उन्होंने विशेष रूप से पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां आने वाले समय में एम्स जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने की दिशा में सरकार गंभीरता से काम कर रही है।भरमौरी ने मुख्यमंत्री की सादगी और आम जनता से जुड़ाव की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मिंजर शोभायात्रा के दौरान बुजुर्गों और बच्चों से आत्मीय मुलाकात तथा आम दुकान में बाल कटवाना उनके सरल स्वभाव का प्रतीक है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि महलों में रहने वालों को भले यह सादगी समझ न आए, लेकिन आम जनता मुख्यमंत्री के इस अपनापन को दिल से पसंद करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!