हिमच्छादित क्षेत्रों में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज, चम्बा में अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

हिमच्छादित क्षेत्रों में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज, चम्बा में अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

चम्बा, 13 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत जिला चम्बा में हिमच्छादित (बर्फवारी वाले) क्षेत्रों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपायुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी चम्बा की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के 16 जनगणना चार्जों से संबंधित चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी तथा तकनीकी सहायकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय से जिला समन्वयक कपिल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना प्रक्रिया, डिजिटल डाटा संग्रहण, स्व-गणना व्यवस्था तथा आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने संबंधी विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जनगणना विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के सभी हिमच्छादित क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का कार्य 1 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा।इससे पूर्व 17 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके अंतर्गत लोग स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाया जा सकेगा।जिला चम्बा के कुल 22 जनगणना चार्जों में से 16 चार्ज हिमच्छादित क्षेत्रों के अंतर्गत चिन्हित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में जनगणना कार्य के लिए लगभग 750 प्रगणक, 134 पर्यवेक्षक तथा 24 फील्ड ट्रेनरों की तैनाती की जाएगी। फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण 17 से 19 अगस्त तक जिला मुख्यालय चम्बा में आयोजित होगा, जबकि प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण संबंधित चार्ज स्तर पर 21 से 29 अगस्त तक प्रस्तावित है।उपायुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनगणना के आंकड़ों की गुणवत्ता और सटीकता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनगणना-2027 के लिए विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!