भटीयात के तुरकड़ा में आज जिला स्तरीय वन महोत्सव आयोजित, विधानसभा अध्यक्ष ने किया पौधारोपण

चुवाड़ी/चंबा 13 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तुरकड़ा में वनवृत चंबा द्वारा जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘चंबे का पेड़’ नामक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए जल, जंगल और जमीन का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों, महिला मंडलों, युवक मंडलों और ग्रामीण वन प्रबंधन समितियों को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

इससे प्रदेश में वन संरक्षण और हरित क्षेत्र विस्तार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने लोगों से जंगलों में आग न लगाने तथा आगजनी की घटनाओं की सूचना तुरंत वन विभाग को देने की अपील की। साथ ही वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान भी किया।
भटियात क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षेत्र में 109 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में लगभग 50 गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा जा चुका है और अगले डेढ़ वर्ष में 50 से अधिक अन्य गांवों को भी सड़क संपर्क मिलेगा।

उन्होंने कहा कि चंबा-चुवाड़ी सुरंग परियोजना की डीपीआर पर चार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू की जा रही है। लगभग 2600 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 13 किलोमीटर लंबी इस सुरंग का निर्माण बीओटी आधार पर होगा।
उन्होंने चुवाड़ी अस्पताल में शीघ्र सीटी स्कैन सुविधा शुरू होने, समोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन निर्माण तथा सिंहुता स्वास्थ्य केंद्र को 25 बिस्तरों वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड किए जाने की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में वन अरण्यपाल राकेश कुमार, डीएफओ डॉ. कुलदीप जंबाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
