जनगणना-2027,चंबा में क्षेत्रीय प्रशिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, सितंबर में होगी जनसंख्या गणना

चम्बा 19 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना कार्य को बर्फबारी एवं दुर्गम क्षेत्रों में भी सुचारू और प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से चंबा में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण 17 से 19 अगस्त 2026 तक प्रधान जनगणना अधिकारी एवं उपायुक्त चंबा के निर्देशन और समन्वय में आयोजित किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिमला स्थित जनगणना संचालन निदेशालय से आए मास्टर प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को जनगणना-2027 के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

मास्टर प्रशिक्षक अनिल कुमार, कपिल तथा प्रसून कुमार वर्मा ने जनसंख्या गणना, स्व-गणना प्रक्रिया, पुनरीक्षण कार्य तथा दुर्गम क्षेत्रों में जनगणना संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया।इस प्रशिक्षण में चंबा जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के सहायक आचार्य और विद्यालयों के प्रवक्ताओं ने भाग लिया। इन प्रशिक्षकों के माध्यम से आगामी दिनों में संबंधित अधिकारियों, पर्यवेक्षकों तथा प्रगणकों को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि जनगणना कार्य को निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

मास्टर प्रशिक्षक कपिल ने बताया कि स्व-गणना की सुविधा 17 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद मुख्य जनसंख्या गणना का कार्य 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।उन्होंने बताया कि गणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित लगभग 40 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी। 30 सितंबर की रात को बेघर और आश्रयहीन व्यक्तियों की विशेष गणना की जाएगी, जबकि 1 से 5 अक्टूबर तक पुनरीक्षण चरण चलेगा।

प्रशिक्षण के दौरान सटीक, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण आंकड़ा संकलन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि “जनगणना से जन कल्याण” के उद्देश्य को साकार करने में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।