चाइल्ड हेल्पलाइन की तत्परता ने लापता 14 वर्षीय किशोरी सुरक्षित बरामद कर पहुंचायी अपने घर

चाइल्ड हेल्पलाइन की तत्परता ने लापता 14 वर्षीय किशोरी सुरक्षित बरामद कर पहुंचायी अपने घर

चम्बा 19 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

चाइल्ड हेल्पलाइन की तत्परता से घर से लापता 14 वर्षीय किशोरी सुरक्षित बरामद कर पहुंचाया घर

चंबा जिला मुख्यालय के समीप स्थित एक पंचायत से घर से लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी को चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से सुरक्षित ढूंढकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस सफल प्रयास से एक संभावित अप्रिय घटना टल गई और परिजनों ने राहत की सांस ली।जानकारी के अनुसार 18 अगस्त 2026 की शाम लगभग 8 बजे चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना मिली कि एक 14 वर्षीय लड़की दोपहर करीब 12 बजे से घर से गायब है। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर पता चला कि वह दोपहर 12:10 बजे तक वहां मौजूद थी।

इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन समन्वयक कपिल शर्मा और केस वर्कर काजू राम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लड़की का फोटो और आधार कार्ड मंगवाया तथा आवश्यक जानकारियां एकत्र कीं। साथ ही पुलिस को भी सूचित किया गया। इसके बाद संयुक्त रूप से शहरी क्षेत्र में किशोरी की तलाश शुरू की गई।काफी प्रयासों के बाद किशोरी को चंबा शहर के समीप एक मंदिर के पास सुरक्षित अवस्था में ढूंढ लिया गया। मौके पर परिजनों को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया गया। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि एक दिन पहले उसे बुखार था और माता द्वारा डांट दिए जाने से वह आहत हो गई थी। इसी कारण वह बिना किसी को बताए घर से निकलकर चंबा शहर पहुंच गई और दिनभर चौगान क्षेत्र में अकेली बैठी रही।

चाइल्ड हेल्पलाइन ने बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई बच्चा उदास, अकेला या भटका हुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें। अधिकारियों ने अभिभावकों से भी बच्चों की भावनाओं को समझने और उन पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!