77वें वन महोत्सव का शुभारंभ, रिड़कमार में हुआ पौधारोपण अभियान

कांगडा/शाहपुर, 19 अगस्त चांपा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी स्थित रिड़कमार में मंगलवार को वन विभाग द्वारा 77वें वन महोत्सव एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और देवदार का पौधा रोपित कर वन महोत्सव का शुभारंभ किया।इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और पौधारोपण को जन आंदोलन का रूप देना होगा।

उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि वन प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वनों से हमें स्वच्छ वायु, जल संरक्षण और जैव विविधता का संरक्षण मिलता है। उन्होंने बताया कि धर्मशाला वन मंडल के अंतर्गत इस वर्ष 110 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे जन सहयोग से सफल बनाया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान विधायक केवल सिंह पठानिया ने रूलेड की सुनीता देवी को विधवा पुनर्विवाह योजना के तहत 1.23 लाख रुपये की एफडी भी भेंट की।

इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट बासु कौशल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार की राजीव गांधी वन संवर्धन योजना की सराहना की और कहा कि इस योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। वहीं डीएफओ अमित शर्मा ने वन विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दरीणी के अध्यापकों और विद्यार्थियों सहित प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
