तीसा में शादी का झांसा देकर नाबालिग का शोषणकर बेचा, फिर अजनबी की सूझबूझ से हुआ खुलासा

तीसा में शादी का झांसा देकर नाबालिग का शोषणकर बेचा, फिर अजनबी की सूझबूझ से हुआ खुलासा

चंबा, 19 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा, 19 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले के तीसा थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक कथित रूप से शारीरिक शोषण का शिकार बनाया गया और बाद में उसे देह व्यापार के दलदल में धकेलने के लिए बेचने का प्रयास किया गया। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।पुलिस को दी शिकायत के अनुसार पीड़िता जब 11वीं कक्षा में पढ़ती थी और उसकी उम्र करीब 16 वर्ष थी, तब क्षेत्र के एक युवक ने उसे शादी का प्रलोभन देकर अपने प्रभाव में लिया। आरोप है कि युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां देकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर किया। पीड़िता का कहना है कि वर्ष 2025 के दौरान भी आरोपी लगातार उसे डराता-धमकाता रहा और उसका शोषण करता रहा।मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब 27 जुलाई 2026 को आरोपी उसे घुमाने के बहाने औद्योगिक क्षेत्र बद्दी ले गया।

वहां पहुंचने के बाद उसने कथित तौर पर पीड़िता का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया और उस पर गलत कार्य करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसे अजनबी लोगों से बात करने और मिलने के लिए मजबूर किया जा रहा था।पीड़िता के अनुसार 8 अगस्त को आरोपी ने उसे एक अन्य व्यक्ति को सौंप दिया। हालांकि इस व्यक्ति ने मानवता का परिचय देते हुए पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद उसकी मदद की। उसने तुरंत पुलिस थाना तीसा से संपर्क किया और नाबालिग को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया। पुलिस की सहायता से पीड़िता को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाया गया।एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!