जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय के तहत रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित,उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता

चंबा 25 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय की रोगी कल्याण समिति के तहत गवर्निंग बॉडी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चिकित्सालय की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने और संस्थान की आय के साधनों को बढ़ाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने चिकित्सालय की आय बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के साथ लोगों तक इनका लाभ पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने नगर परिषद चंबा के सहयोग से जिला मुख्यालय और विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को उनके घर-द्वार के समीप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 के तहत 11 लाख 43 हजार रुपये की राशि के लिए पूर्व में ली गई अनुमति को कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं, लंबित 1 लाख 46 हजार रुपये की भुगतान राशि से संबंधित प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।रोगी पर्ची शुल्क, स्वर्णप्राशन तथा विभिन्न सेवाओं के शुल्क में संशोधन के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।

इसके तहत रोगी पर्ची शुल्क 10 रुपये, सात दिन के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र के लिए 200 रुपये, ड्राइविंग लाइसेंस के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र के लिए 100 रुपये, फूड हैंडलर मेडिकल फिटनेस एवं गन लाइसेंस के लिए 180 रुपये, स्वर्णप्राशन शुल्क 30 रुपये तथा फर्स्ट एड कोर्स के लिए मेडिकल फीस 1000 रुपये निर्धारित की गई। इसके अलावा 15 प्रकार के रक्त जांच परीक्षणों के शुल्क को भी अनुमोदित किया गया।चिकित्सालय में पंचकर्म पाठशाला निर्माण के लिए 3 लाख, लैब अभिकर्मकों के लिए 1.50 लाख, आवश्यक सामग्री के लिए 1.48 लाख, विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए 2.20 लाख, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन के लिए 1.35 लाख तथा साफ-सफाई व्यवस्था के लिए 5 लाख रुपये मंजूर किए गए।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनीता शर्मा ने स्वागत संबोधन किया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलविंदर संधू ने संस्थान से संबंधित जानकारी साझा की, जबकि कार्यवाही का संचालन डॉ. दीपिका ने किया। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष रेखा कुमारी, नगर परिषद अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी सहित सरकारी व गैर सरकारी सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।