प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के कार्यों की निविदा प्रक्रिया 15 अक्तूबर तक पूरी करने के निर्देश

चंबा 25 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने लोक निर्माण विभाग को प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित सभी विकासात्मक कार्यों की निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों की निविदा प्रक्रिया 15 अक्तूबर तक पूर्ण करने को कहा, ताकि विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से शुरू किया जा सके।उपायुक्त मंगलवार को प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय बहुल क्षेत्रों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। इसके तहत जिले में चार प्रमुख विकासात्मक कार्य प्रस्तावित हैं।इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डियूर, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भंजराडू, इनडोर स्टेडियम तीसा तथा इनडोर स्टेडियम भंजराडू शामिल हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं की सभी आवश्यक औपचारिकताएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।उन्होंने संबंधित उपमंडलाधिकारियों, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग, जिला कल्याण अधिकारी और जिला खेल अधिकारी को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही प्रस्तावित उपकरणों और अन्य मूलभूत सुविधाओं का आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर लिया जाए, ताकि परियोजनाएं पूर्ण होने के बाद सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया।जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर ने बैठक में अवगत करवाया कि योजना के तहत प्रस्तावित सभी विकासात्मक कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूर्ण करने की कार्रवाई जारी है।बैठक में उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर, जिला खेल अधिकारी रूपेश कुमार सहित एसडीएम सलूणी और लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
