बारिश से क्षतिग्रस्त बालू-पक्काटाला मार्ग जल्द होगा बहाल, उपायुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण

चंबा 25 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा शहर के चौगान वार्ड के अंतर्गत बालू-पक्काटाला संपर्क मार्ग को बारिश से हुए नुकसान के बाद जल्द बहाल करने की कवायद शुरू हो गई है। तीन विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर भारी बारिश के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग को पहले ही यातायात के लिए बंद कर दिया गया था। मंगलवार को उपायुक्त चंबा मुकेश रेप्सवाल ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों के साथ पक्काटाला स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सड़क के पुनर्निर्माण के लिए शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर सड़क बहाली में किसी प्रकार की देरी न हो।निरीक्षण के दौरान पक्काटाला क्षेत्र में खुले में कूड़ा-कचरा फेंके जाने का मामला भी सामने आया।

उपायुक्त ने नगर परिषद के अधिकारियों को क्षेत्र में कचरा निष्पादन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने खुले में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही शहरवासियों से खुले में कूड़ा न फेंकने और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर परिषद का सहयोग करने की अपील की।बारिश के दौरान पक्काटाला क्षेत्र में जल निकासी की समस्या का भी उपायुक्त ने संज्ञान लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को बारिश के पानी की निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तलाशने और उचित जल निकासी प्रावधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में जलभराव के कारण सड़क को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए।इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने पशुपालन विभाग के कार्यालय परिसर में प्रस्तावित पशु जन्म नियंत्रण भवन के लिए चिन्हित स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

।