नशे की मांग कम करने में समाज की भूमिका बहुत ही अहम :- उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल

चम्बा 26 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला मुख्यालय चम्बा में “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण विभाग हिमाचल प्रदेश तथा जिला प्रशासन चम्बा के संयुक्त तत्वावधान में मास्टर प्रशिक्षकों और नशा मुक्ति मित्रों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।कार्यशाला में गुंजन ऑर्गनाइजेशन फॉर कम्युनिटी डेवलपमेंट, धर्मशाला के प्रशिक्षक पंकज पंडित और विजय सिंह ने समाज में बढ़ती नशे की समस्या, इसके दुष्प्रभावों और रोकथाम के उपायों पर व्यावहारिक जानकारी दी। कार्यक्रम में जिले की नशे के अधिक उपयोग वाली चिन्हित 13 रेड मार्क स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधि एवं पंचायत सचिव, तहसील कल्याण अधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शारीरिक शिक्षक, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के प्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।उपायुक्त ने कहा कि नशे की समस्या गंभीर सामाजिक चुनौती बन चुकी है और इससे अनेक परिवार प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नशे की सप्लाई रोकने के लिए पुलिस और संबंधित एजेंसियां लगातार कार्य कर रही हैं, जबकि इसकी मांग कम करने में समाज की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। मांग कम होने से नशे की सप्लाई पर भी असर पड़ेगा।उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ खुलकर संवाद बनाए रखने और नशे की प्रवृत्ति दिखाई देने पर समय रहते काउंसलिंग, उपचार एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार नशे की लत स्वास्थ्य संबंधी समस्या है और इसका उपचार संभव है।उपायुक्त ने नशे से जुड़े मामलों में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की अपील करते हुए कहा कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के साथ मारपीट कर वीडियो बनाना या उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करना उचित नहीं है। ऐसे व्यक्ति की निजता और गरिमा का सम्मान करते हुए उसके परिवार को सूचित कर उचित सहायता दिलाने का प्रयास किया जाना चाहिए।उन्होंने लोगों से नशीले पदार्थों की बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस को देने और नशे की समस्या को पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी मानकर इसके खिलाफ निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। इस अवसर पर डीएसपी बलदेव दत्त, जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर, उपनिदेशक शिक्षा विकास महाजन और जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करण हितेषी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
