मणिमहेश यात्रा को लेकर चंबा पुलिस अलर्ट, हर वाहन और हर गतिविधि पर पैनी नजर

चंबा 26 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चंबा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। यात्रा शुरू होने के साथ ही पुलिस जवानों ने विभिन्न मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा वाहनों की गहन जांच की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।पुलिस की ओर से यात्रा मार्गों पर आने-जाने वाले वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही है। वाहनों में सवार यात्रियों तथा सामान की भी आवश्यकतानुसार जांच की जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके।

पुलिस का विशेष ध्यान मादक पदार्थों, संदिग्ध वस्तुओं तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर है।यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के चंबा पहुंचने के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। पुलिस कर्मी सड़क मार्गों पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ यात्रियों की मदद भी कर रहे हैं। अधिकारियों की ओर से जवानों को सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।चंबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मणिमहेश यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

हर वाहन की जांच, हर गतिविधि पर नजर और प्रत्येक यात्री की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, संदिग्ध गतिविधि अथवा वस्तु दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें और यात्रा के दौरान पुलिस तथा प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस की सतर्कता का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाते हुए मणिमहेश यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाना है।
