सहकारिता से युवाओं को जोड़कर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर

सहकारिता से युवाओं को जोड़कर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर

चंबा. 27 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में जिला सहकारी सभाएं कार्यालय चंबा के तत्वावधान में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ करने तथा स्थानीय लोगों को सहकारी संस्थाओं से जोड़कर स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध करवाने पर विस्तार से चर्चा की गई।उपायुक्त ने विशेष रूप से युवा वर्ग को सहकारिता से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साहसिक पर्यटन (एडवेंचर टूरिज्म) से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में प्रशिक्षित युवाओं और अन्य संबंधित लोगों को सहकारी संस्थाओं के रूप में संगठित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं। इससे जहां जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर भी उपलब्ध होंगे।

मुकेश रेपस्वाल ने कृषि, बागवानी, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन और पर्यटन सहित स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को सहकारी समितियों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को आयवर्धक गतिविधियों से जोड़ने के लिए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।बैठक में सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं सुरजीत सिंह ने सहकारिता क्षेत्र की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में सहकारिता का विस्तार 158 पंचायतों तक हो चुका है। वर्तमान में जिले में 175 सहकारी समितियां गठित हैं। इनमें 31 प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां (पैक्स) उर्वरक विक्रेता के रूप में कार्य कर रही हैं।उन्होंने बताया कि 129 सहकारी समितियों ने साझा सेवा केंद्र स्थापित करने के लिए आवेदन किया है, जबकि 84 समितियां मंच पर शामिल हो चुकी हैं।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और बैंक प्रबंधकों ने भी सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने से संबंधित विषयों पर चर्चा की।इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि भूपेंद्र सिंह, उपनिदेशक पशुपालन राकेश भंगालिया, जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कर्ण, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड राकेश कुमार सहित विभिन्न बैंकों के प्रबंधक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!