सौरभ-11 बिहार ने जीता मिंजर क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का खिताब, जालपा-11 को 46 रन से हराया

चंबा 27 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
मिंजर क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का आज विधिवत समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सौरभ-11 बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जालपा-11 को 46 रन से हराकर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सौरभ-11 बिहार ने निर्धारित ओवरों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 197 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी जालपा-11 की टीम 151 रन ही बना सकी।

सौरभ-11 बिहार के खिलाड़ियों ने गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में भी प्रभावी प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया। इस जीत के साथ सौरभ-11 बिहार ने टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।समापन समारोह में उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता जालपा-11 की टीम को 41 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक एवं अध्यक्ष मिंजर मेला खेलकूद आयोजन समिति विजय सिंह सकलानी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जा रहा है।उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उपायुक्त ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, खिलाड़ियों और प्रतियोगिता से जुड़े सभी सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।समापन समारोह में जिला क्रिकेट संगठन के विभिन्न प्रतिनिधि सहित खेल प्रेमी और आयोजन समिति से जुड़े सदस्य भी मौजूद रहे।
