दो हिस्सों में मिला नवजात का शव, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज; तीसा पुलिस जांच में जुटी

तीसा/चंबा 04 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत टिकरीगढ़ में आज शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। देहरोग-टिकरीगढ़ लिंक मार्ग पर टिकरीगढ़ गांव के समीप सड़क किनारे एक नवजात शिशु का शव दो हिस्सों में बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही तीसा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार, एक पिकअप चालक देहरोग से सीमेंट लेकर टिकरीगढ़ की ओर जा रहा था। टिकरीगढ़ स्कूल से नीचे कच्चे सड़क मार्ग पर पहुंचने के दौरान चालक की नजर सड़क पर पड़े नवजात के कटे हुए सिर पर पड़ी। यह दृश्य देखकर चालक ने तुरंत ग्राम पंचायत टिकरीगढ़ के प्रधान को इसकी सूचना दी।सूचना मिलने के बाद पंचायत प्रधान स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान सड़क से कुछ दूरी ऊपर झाड़ियों में नवजात के शरीर का निचला हिस्सा भी बरामद किया गया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही थाना तीसा से पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने नवजात के शव के दोनों हिस्सों को कब्जे में लेकर मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कल शनिवार को करवाया जाएगा, जिसके बाद कई महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चलने की संभावना है।घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना के कारणों या नवजात की पहचान को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ थाना तीसा में मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाने के साथ-साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को वहां कौन और किन परिस्थितियों में छोड़कर गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी। इस सारे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी द्वारा की गई है ।