डलहौजी हिलटॉप स्कूल में श्रद्धा और उल्लास से मनाई जन्माष्टमी

डलहौजी हिलटॉप स्कूल में श्रद्धा और उल्लास से मनाई जन्माष्टमी

डलहौजी/ चम्बा, 4 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी हिलटॉप स्कूल, डलहौजी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, व्यक्तित्व और शिक्षाओं को जीवंत किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर कृष्णमय नजर आया।समारोह का शुभारंभ श्रीकृष्ण के जीवन एवं व्यक्तित्व पर आधारित प्रस्तुतियों से हुआ। विद्यार्थियों ने भाषण, कविता, नृत्य और कृष्ण भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। “वो कृष्णा है” गीत पर विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राधा-कृष्ण थीम पर आधारित रैंप वॉक रहा।

विद्यार्थियों ने आकर्षक वेशभूषा में श्रीकृष्ण के विभिन्न रूपों को प्रस्तुत किया। नन्हे कलाकारों के आत्मविश्वास और मनमोहक अंदाज को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।इसके अलावा विद्यार्थियों ने “एकलव्य और द्रोणाचार्य” पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की। नाटिका के माध्यम से गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प जैसे महत्वपूर्ण जीवन-मूल्यों का संदेश दिया गया। विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियों में कृष्ण की बाल लीलाओं, प्रेम, भक्ति और आनंद को खूबसूरती से दर्शाया गया।समारोह का मुख्य आकर्षण दही-हांडी प्रतियोगिता रही। विद्यालय के शेक्सपियर, डिकेंस, कीट्स और वर्ड्सवर्थ सदनों के विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यार्थियों की टीम भावना और ऊर्जा ने समारोह में रोमांच भर दिया।

विद्यालय की प्रेसिडेंट डॉ. पूनम धवन ने विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन कर्म, सत्य, प्रेम, साहस और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के साथ उनमें नैतिक एवं मानवीय मूल्यों का विकास करते हैं।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया। “जय श्रीकृष्ण” और “राधे-राधे” के जयघोष से विद्यालय परिसर गूंज उठा।

–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!