चुराह की दो सगी बहनों ने पहले प्रयास में UGC NET-JRF किया क्वालीफाई, क्षेत्र का बढ़ाया मान

तीसा/चम्बा 05 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत सत्यास के ध्यास गांव की रहने वाली दो सगी बहनों सेजल भारती और कोमल भारती ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर पहले ही प्रयास में UGC NET-JRF परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों बहनों की इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे चुराह क्षेत्र में खुशी की लहर है।
सेजल भारती ने अंग्रेजी विषय में UGC NET-JRF क्वालीफाई किया है, जबकि उनकी छोटी बहन कोमल भारती ने राजनीति शास्त्र विषय में यह उपलब्धि हासिल की है। दोनों का चयन पीएचडी के लिए हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में हुआ है। बताया जा रहा है कि चुराह के इतिहास में यह पहली बार है, जब एक ही परिवार की दो सगी बहनों ने एक साथ पहले प्रयास में UGC NET-JRF जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण कर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में यह मुकाम हासिल किया है।
दोनों बहनों की सफलता के पीछे उनके पिता मनसा राम का संघर्ष और त्याग भी प्रेरणादायक है। आर्थिक परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने के बावजूद मनसा राम ने दिहाड़ी-मजदूरी कर तथा बैंक से कर्ज लेकर अपनी बेटियों की पढ़ाई जारी रखी।

उन्होंने बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए हर संभव सहयोग प्रदान किया। आज बेटियों ने अपनी मेहनत और सफलता से पिता के संघर्ष को सार्थक कर उनका मान बढ़ाया है।
सेजल और कोमल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों के सहयोग को दिया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है।
दोनों बहनों की सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक संदेश है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। पूरे चुराह क्षेत्र में दोनों बहनों की उपलब्धि की सराहना हो रही है और लोग उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।