सीएमओ चम्बा ने बनीखेत के अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का किया निरीक्षण

सीएमओ चम्बा ने बनीखेत के अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का किया निरीक्षण

स्वास्थ्य सुविधाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा, अधिकारियों को बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

चम्बा, 5 सितम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा डॉ. जालम भारद्वाज ने शनिवार को अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनीखेत, पुखरी का दौरा कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।दौरे के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने केन्द्र में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, मरीजों के लिए जांच सुविधाओं, उपचार व्यवस्था तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ क्षेत्र में लोगों को समयबद्ध, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने को लेकर विस्तृत चर्चा भी की।डॉ. भारद्वाज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केन्द्र में आने वाले प्रत्येक मरीज को निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्द्रों के माध्यम से संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित टीकाकरण, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग और रोकथाम तथा अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कर्मचारियों से स्वास्थ्य केन्द्र में स्वच्छता, दवाइयों की उपलब्धता और मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए।दौरे के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र के कर्मचारियों ने क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों और उपलब्ध सुविधाओं से संबंधित जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!