भटियात के नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से विधानसभा अध्यक्ष ने किया संवाद, विकास कार्यों में तेजी लाने का आह्वान

भटियात/ चंबा , 07 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस!(ब्यूरो)
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में सोमवार को भटियात विकासखंड के नव निर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ परिचय एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक खंड विकास कार्यालय के सभागार में हुई, जिसमें ग्राम पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों और बीडीसी सदस्यों ने भाग लिया।विधानसभा अध्यक्ष ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ ग्रामीण विकास, पंचायतों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों की विकास आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जनप्रतिनिधियों को राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर गांव और क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।पठानिया ने कहा कि भटियात हिमाचल प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा विकासखंड है और इसके अंतर्गत 71 ग्राम पंचायतें आती हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भटियात विकासखंड ने चंबा जिला में अग्रणी स्थान हासिल किया है। उन्होंने मनरेगा के तहत लंबित वित्तीय देनदारियों, 16वें वित्त आयोग के तहत प्राप्त राशि तथा विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण का भी उल्लेख किया।अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा ने पंचायत प्रतिनिधियों से सक्रिय सहभागिता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पंचायतों के प्रभावी संचालन के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम जनता के बीच निरंतर संवाद आवश्यक है।इससे पहले बीडीओ अनिल गुराडा ने स्वागत संबोधन में विकासखंड में संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी। इस अवसर पर राजकुमार चंबियाल, पंचायत समिति अध्यक्ष लालचंद, एसडीएम मनीष सोनी, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।