कृष्ण जन्माष्टमी पर भुरु नाग देवता मंदिर में भव्य लंगर, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

कृष्ण जन्माष्टमी पर भुरु नाग देवता मंदिर में भव्य लंगर, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

डलहौजी/ चम्बा 07 सितम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

कृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर भुरु नाग देवता मंदिर परिसर में सोमवार को भव्य लंगर का आयोजन किया गया। धार्मिक परंपराओं के अनुसार विधिवत पूजा-अर्चना और हवन की पूर्णाहुति के बाद भगवान को भोग अर्पित किया गया। इसके उपरांत मंदिर परिसर में लंगर का शुभारंभ किया गया। आयोजन में क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान भुरु नाग देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया।लंगर आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली। हजारों की संख्या में लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाते हुए प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।मेला कमेटी के सदस्य ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष कृष्ण जन्माष्टमी के ठीक अगले दिन मंदिर परिसर में लंगर का आयोजन करवाया जाता है।

हालांकि, इस वर्ष किसी कारणवश निर्धारित समय पर लंगर का आयोजन नहीं हो पाया था। इसी के चलते सोमवार को विशेष रूप से लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए मंदिर कमेटी के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने विशेष सहयोग किया। लंगर के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भोजन और प्रसाद की उचित व्यवस्था की गई। कमेटी की ओर से आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का तहेदिल से आभार व्यक्त किया गया।मेला कमेटी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर मिलता है। भविष्य में भी मंदिर परिसर में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन इसी प्रकार किया जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!