चुराह की 28 पंचायतों में सेब पौध खरीद-रोपण की होगी उच्चस्तरीय जांच, अगले सप्ताह पहुंचेगी टीम

चंबा 08 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
चुराह विकासखंड की करीब 28 पंचायतों में वर्ष 2022-23 के दौरान सेब पौध की खरीद, वितरण और रोपण को लेकर सामने आई कथित अनियमितताओं की अब उच्चस्तरीय जांच होगी। प्रशासन ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के लिए समिति का गठन किया है। समिति की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) करेंगे। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) के परियोजना अधिकारी (पीओ) तविंद्र चनरिया समेत अन्य संबंधित अधिकारी समिति में शामिल हैं।जानकारी के अनुसार, चुराह क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में सेब पौध की खरीद और उसके वितरण को लेकर प्रशासन के समक्ष शिकायत पहुंची थी। शिकायत में पौध की खरीद, वितरण और रोपण प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे। इसके बाद प्रशासन ने मामले की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए उच्चस्तरीय जांच करवाने का निर्णय लिया।अगले सप्ताह मौके पर पहुंच सकती है जांच टीमबताया जा रहा है कि उच्चस्तरीय जांच समिति आगामी सप्ताह चुराह क्षेत्र में पहुंचकर पंचायत स्तर पर रिकॉर्ड की पड़ताल करेगी।

टीम सेब पौध की खरीद से संबंधित दस्तावेज, बिल-वाउचर, वितरण रिकॉर्ड, लाभार्थियों की सूची और पौध रोपण से जुड़ी जानकारी की जांच करेगी। इसके अलावा योजना के तहत स्वीकृत धनराशि के इस्तेमाल और उसके निर्धारित नियमों के अनुसार खर्च किए जाने की भी पड़ताल की जाएगी।जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि योजना के तहत जिन लाभार्थियों को सेब पौध उपलब्ध करवाई गई, वे निर्धारित पात्रता के अनुसार थे या नहीं। वहीं, रिकॉर्ड में दर्ज पौध की संख्या और धरातल पर हुए रोपण का मिलान किए जाने की भी संभावना है।यदि जांच के दौरान दस्तावेजों या धरातलीय निरीक्षण में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों की जिम्मेदारी तय की जा सकती है। हालांकि, मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने और समिति की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन आगामी कार्रवाई अमल में लाएगा।डीआरडीए के परियोजना अधिकारी तविंद्र चनरिया ने बताया कि चुराह की करीब 28 पंचायतों में सेब पौध की खरीद, वितरण और रोपण को लेकर उच्चस्तरीय जांच समिति आगामी सप्ताह मौके पर पहुंचकर जांच करेगी। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।