ढाबा संचालक नेगी राम हत्याकांड में पांच लोगों से पूछताछ, ग्रामीणों के शक पर पुलिस ने थाने में किया तलब

ढाबा संचालक नेगी राम हत्याकांड में पांच लोगों से पूछताछ, ग्रामीणों के शक पर पुलिस ने थाने में किया तलब

चंबा 08 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

बहुचर्चित नेगी राम हत्याकांड की जांच में सोमवार को नया घटनाक्रम सामने आया। ग्रामीणों और परिजनों की ओर से जताए गए शक के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों को पूछताछ के लिए थाने तलब किया। पूछताछ के लिए बुलाए गए लोगों में एक महिला भी शामिल थी। पुलिस ने मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए इन लोगों से पूछताछ शुरू की।जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे पांचों लोगों से पूछताछ शुरू की गई। महिला से करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ करने के बाद उसे शाम करीब पांच बजे थाने से भेज दिया गया।

वहीं, अन्य चार लोगों से देर शाम तक पूछताछ जारी रही। पुलिस इन लोगों से हत्याकांड से जुड़े तथ्यों और घटनाक्रम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।इससे पहले अटल चौक-कॉलोनी मोड़ पर एकत्रित हुए मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस के समक्ष मामले से जुड़े कुछ अन्य लोगों पर शक जाहिर किया था। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की थी कि शक के दायरे में आ रहे पांच लोगों को थाने बुलाकर पूछताछ की जाए। इसके बाद पुलिस ने उनकी मांग पर कार्रवाई करते हुए पांचों लोगों को पूछताछ के लिए तलब किया।वहीं, ग्रामीणों ने हत्या के आरोपियों तीमरू और गोबिंद को पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए शिमला भेजे जाने को लेकर भी सवाल उठाए थे।

ग्रामीणों को आशंका थी कि दोनों आरोपी शिमला जाने के बजाय चंबा में ही हो सकते हैं। इस आशंका को दूर करने के लिए पुलिस ने शिमला में मौजूद दोनों आरोपियों की तस्वीरें मंगवाकर परिजनों और ग्रामीणों को दिखाईं। तस्वीरें देखने के बाद ग्रामीणों की यह आशंका दूर हो गई।पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि हत्याकांड की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। ग्रामीणों की ओर से जिन पांच लोगों पर शक जाहिर किया गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!